आगरा-ग्वालियर हाईवे पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 तेंदुओं की खाल और सिर के साथ चार वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 तेंदुओं की खाल और सिर के साथ चार वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 तेंदुओं की खाल और सिर के साथ चार वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

आगरा। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैंया क्षेत्र में आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित एक होटल पर छापेमारी कर वन विभाग की टीम ने चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 तेंदुओं की खाल और उनके सिर बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन रेंजर खेरागढ़ सम्यक सिंह केन और फतेहाबाद रेंजर विशाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने हाईवे स्थित एक होटल में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 10 तेंदुओं की खाल और सिर बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोगीराम, भगत सिंह, सतपाल और गब्बर बताए। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि तेंदुओं की खाल मध्य प्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र से लाकर दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

वन विभाग ने बरामद वन्यजीव अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद खालें किन क्षेत्रों से लाई गईं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages