"साहब, मेरे भाई की शादी करा दीजिए..." डीएम के सामने दिव्यांग की अनोखी गुहार, तुरंत दिए कार्रवाई के निर्देश
आगरा। आगरा के कलेक्ट्रेट में गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और फरियादियों को भावुक कर दिया। दोनों पैरों से दिव्यांग एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से अपने भाई की शादी कराने की गुहार लगाई। फरियादी की बात सुनकर डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोहामंडी के राजनगर निवासी ओमप्रकाश गुरुवार को जनसुनवाई में पहुंचे और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। शारीरिक असमर्थता के कारण वह अपने छोटे भाई नरेंद्र के लिए रिश्ते की तलाश नहीं कर पा रहे हैं।
ओमप्रकाश ने डीएम को बताया कि उनका भाई मेहनत करके अच्छी आमदनी करता है और अब उसकी शादी कराना चाहते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि यदि संभव हो तो किसी सरकारी आश्रम में रहने वाली योग्य युवती से उनके भाई का विवाह कराने में प्रशासन सहयोग करे।
दिव्यांग की मार्मिक अपील सुनकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को पूरे मामले का परीक्षण कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि समाज कल्याण विभाग और नगर निगम के सहयोग से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र लोगों के विवाह कराए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित जानकारी और पात्रता की शर्तों के लिए इच्छुक लोग संजय प्लेस स्थित विकास भवन में जिला समाज कल्याण विभाग से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही दिव्यांग के प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला प्रशासन की जनसुनवाई में सामने आई एक मानवीय तस्वीर के रूप में चर्चा का विषय बना रहा, जहां एक दिव्यांग भाई ने अपने भाई के घर बसाने की उम्मीद लेकर जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई।