आगरा: रामबाग से टेढ़ी बगिया तक नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 1.14 लाख रुपये का जुर्माना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा: रामबाग से टेढ़ी बगिया तक नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 1.14 लाख रुपये का जुर्माना

आगरा: रामबाग से टेढ़ी बगिया तक नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 1.14 लाख रुपये का जुर्माना

आगरा। शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने रामबाग से टेढ़ी बगिया तक व्यापक कार्रवाई करते हुए फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कुल 1.14 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने पाया कि एक ई-व्हीकल एजेंसी ने अपने कई ई-वाहन फुटपाथ पर खड़े कर रखे थे, जिससे पैदल राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इस पर नगर निगम ने एजेंसी संचालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और तत्काल फुटपाथ खाली कराया। अधिकारियों ने भविष्य में फुटपाथ पर वाहन खड़े कर बिक्री न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

अभियान के दौरान फुटपाथ पर कब्जा कर खाद्य सामग्री बेच रहे स्टॉल संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। दुकानों के आसपास दोने-पत्तल और अन्य कचरा फैलाकर गंदगी करने पर एक स्टॉल संचालक पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा मौके पर ही सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा हाथरस रोड पर सड़क पर बजरी और डस्ट फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले एक मटेरियल सप्लायर और एक आयरन फैक्ट्री संचालक पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले कई ठेला-रेहड़ी संचालकों के भी चालान किए।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

video

Pages