आगरा में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी तेज, Zero Fatality District अभियान के तहत दो नए क्रिटिकल कॉरिडोर बनाए गए - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी तेज, Zero Fatality District अभियान के तहत दो नए क्रिटिकल कॉरिडोर बनाए गए

आगरा में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी तेज, Zero Fatality District अभियान के तहत दो नए क्रिटिकल कॉरिडोर बनाए गए

आगरा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में Zero Fatality District (ZFD) अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस कमिश्नरेट आगरा में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने की।

गोष्ठी में डीसीपी ट्रैफिक ने अभियान के तहत पहले से गठित 14 क्रिटिकल थानों की क्रिटिकल कॉरिडोर (CC) टीमों के साथ विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, प्रभावी यातायात प्रवर्तन और लक्ष्य आधारित कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा टीमों को अधिक सक्रियता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक के दौरान थाना फतेहपुर सीकरी और थाना ट्रांस यमुना को भी क्रिटिकल कॉरिडोर के रूप में चिन्हित किया गया। दोनों थानों में एक-एक नई क्रिटिकल कॉरिडोर (CC) टीम का गठन किया गया है, जिससे दुर्घटना संभावित मार्गों पर निगरानी और प्रवर्तन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

अभियान के अंतर्गत सभी क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों को आधुनिक उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें बॉडी-वॉर्न कैमरा, ब्रेथ एनालाइज़र और डेसिबल मीटर के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि तकनीक आधारित और पारदर्शी प्रवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं दृश्यता बढ़ाने के लिए सभी टीमों को रिफ्लेक्टिव सेफ्टी जैकेट भी वितरित की गईं।

पुलिस कमिश्नरेट आगरा का कहना है कि Zero Fatality District (ZFD) अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में अधिकतम कमी लाना और प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रवर्तन, सड़क इंजीनियरिंग, जनजागरूकता और विभिन्न विभागों के समन्वय के माध्यम से सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

video

Pages