आगरा में 12 जुलाई को 53.94 लाख पौधों का होगा महाअभियान, डीएम मनीष बंसल ने तैयारियों का लिया जायजा
आगरा। जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक स्थित प्रस्तावित पौधारोपण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई का कार्य शीघ्र पूरा कराने, स्थल को थीम आधारित खंडों में विकसित करने तथा औषधीय एवं हर्बल पौधों, पोषण वाटिका और फलदार पौधों के रोपण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पहुंच मार्गों की साफ-सफाई, आगंतुकों एवं जनप्रतिनिधियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, मंच निर्माण तथा अन्य आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने को कहा।
डीएम मनीष बंसल ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनसहभागिता के साथ भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि 12 जुलाई (रविवार) को शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि तथा शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव (व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग) डॉ. हरिओम की गरिमामयी उपस्थिति में पौधारोपण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस महाअभियान के तहत जनपद आगरा में कुल 53 लाख 94 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें वन विभाग द्वारा लगभग 19 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि शेष पौधारोपण विभिन्न विभागों के माध्यम से कराया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।