12 साल बाद शिकंजे में आया NDPS का फरार हिस्ट्रीशीटर, शाहगंज पुलिस ने दबोचा
आगरा। वर्ष 2014 से एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वांछित/वारंटी अभियुक्त को थाना शाहगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त नगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध के नेतृत्व में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना शाहगंज पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वर्ष 2014 से फरार चल रहा थाना शाहगंज का हिस्ट्रीशीटर एवं एनडीपीएस एक्ट का वांछित/वारंटी अभियुक्त राजेश थाना मलपुरा क्षेत्र के ग्राम बरारा में रह रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए शाहगंज पुलिस ने तत्काल टीम के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी और आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट भी जारी था।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। शाहगंज पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।