आगरा: कार टकराने के विवाद में चली गोली, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व स्विफ्ट कार बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा: कार टकराने के विवाद में चली गोली, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व स्विफ्ट कार बरामद

आगरा: कार टकराने के विवाद में चली गोली, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व स्विफ्ट कार बरामद

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में सड़क पर कार टच होने के बाद हुए विवाद ने देखते ही देखते जानलेवा हमले का रूप ले लिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले कार चालक को जान से मारने की धमकी दी और फिर उसका पीछा करते हुए उसकी कार पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना हरीपर्वत में तहरीर देकर बताया कि वह ट्रांस यमुना स्थित अपने घर से अपने दोस्त के घर, देहली गेट जा रहा था। इसी दौरान वाटरवर्क्स पुल पर एक स्विफ्ट कार उसकी कार से टकरा गई। पीड़ित ने कार को रोकने का प्रयास किया, जिस पर कुछ दूरी पर कार रुक गई। आरोप है कि कार में सवार लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए उसकी कार पर पीछे से फायरिंग कर दी। गोली कार में जा लगी। गनीमत रही कि पीड़ित सुरक्षित बच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना हरीपर्वत पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल प्रशांत पुत्र सुनील कुमार और विकास पुत्र देशराज सिंह को आईएसबीटी बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद हुई। बरामद अवैध हथियार के संबंध में आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

video

Pages