आगरा फोर्ट स्टेशन पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, 12 वर्षीय बच्ची को दुल्हन बनाकर ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

आगरा फोर्ट स्टेशन पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, 12 वर्षीय बच्ची को दुल्हन बनाकर ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

आगरा फोर्ट स्टेशन पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, 12 वर्षीय बच्ची को दुल्हन बनाकर ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

आगरा। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की संयुक्त कार्रवाई में मानव तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस से यात्रा कर रही 12 वर्षीय बच्ची को संदिग्ध परिस्थितियों में दुल्हन बनाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था। संयुक्त टीम ने बच्ची को सकुशल मुक्त कराते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार आरपीएफ आगरा फोर्ट स्टेशन पर ट्रेनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस के एक कोच में एक महिला और दो पुरुषों के साथ मौजूद बच्ची की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ के दौरान बच्ची ने जो जानकारी दी, उससे टीम भी हैरान रह गई।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बच्ची बिहार की रहने वाली है। आरोप है कि उसके माता-पिता ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये लेकर उसकी शादी करा दी थी, जिसके बाद आरोपी उसे राजस्थान ले जा रहे थे।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और एनजीओ की टीम ने तत्काल बच्ची को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया। पूछताछ के बाद राजस्थान निवासी एक महिला और दो पुरुषों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बचाई गई बच्ची को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी बड़े मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा तो नहीं है और इस प्रकरण में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages