आगरा में भाजपा महिला मोर्चा की शक्ति प्रदर्शन बैठक, प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा बोलीं— बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना होगा
आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा का सोमवार को पहली बार आगरा आगमन हुआ। उनके स्वागत में पश्चिमपुरी स्थित परिणय बैंक्वेट हॉल में भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र और आगरा के पदाधिकारियों व महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
दोपहर करीब तीन बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचीं प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा का महिला कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सरोज कुशवाहा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन जिला, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत है और इसी तर्ज पर महिला मोर्चा को भी प्रत्येक बूथ पर अपनी समितियों का गठन कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना होगा।
उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता से सतत संवाद स्थापित कर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव लाया गया, लेकिन विपक्ष ने उसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष की नीतियों और उसके विरोधाभासी रवैये को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की अध्यक्ष मधुलिका राघव, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, निर्मला दीक्षित, हेमलता अग्रवाल, रंजना पवार, सुनीता सारस्वत, प्रवीणा राजावत, चंद्रेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, डॉ. निधि शर्मा, उपमा गुप्ता, पंकजा शर्मा, अंजू गर्ग, अपूर्वा जादौन, ज्योति जादौन, निधि पाठक, साक्षी चौहान, हेमा चौहान, आशा अग्रवाल, बबीता पाठक, वंदना सिंह, कविता मोहन, कुमकुम उपाध्याय, सीमा सिंघल, रेखा नागपाल, पार्षद मीनाक्षी वर्मा, अनामिका मिश्रा, पूजा जैन सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।