आगरा में 12वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला खून से लथपथ शव; पिता की लाइसेंसी राइफल बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 25 जुलाई 2026

आगरा में 12वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला खून से लथपथ शव; पिता की लाइसेंसी राइफल बरामद

आगरा में 12वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला खून से लथपथ शव; पिता की लाइसेंसी राइफल बरामद

आगरा। थाना बाह क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार को 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। छात्र का शव घर की छत पर बने कमरे में खून से लथपथ मिला। मौके से उसके पिता की लाइसेंसी राइफल बरामद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आदित्य शर्मा (18) के रूप में हुई है, जो कक्षा 12वीं का छात्र था। वह अपने पिता सुदीप शर्मा, मां डॉली के साथ टीचर्स कॉलोनी, बाह में रहता था। सुदीप शर्मा राजस्थान की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं और कार्य के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे सुदीप शर्मा घर लौटे थे। उस समय आदित्य जाग रहा था और उसी ने दरवाजा खोला था। सुदीप अपने साथ लाइसेंसी राइफल भी लाए थे, जिसे उन्होंने कमरे में संदूक के ऊपर रख दिया और सोने चले गए।

शुक्रवार सुबह आदित्य स्कूल नहीं गया। देर रात तक जागने के कारण परिजनों ने उसे नहीं जगाया। कुछ समय बाद मां उसे बुलाने छत पर बने कमरे में पहुंचीं, लेकिन आदित्य ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद वह नीचे लौट आईं। सुबह करीब 10 बजे कमरे से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में आदित्य का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी राइफल कब्जे में ले ली और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों के अनुसार, आदित्य कुछ वर्ष पहले मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका उपचार भी कराया गया था। उनका कहना है कि हाल के दिनों में उसका व्यवहार सामान्य था और किसी विशेष परेशानी की जानकारी नहीं थी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

video

Pages