श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर डीएम मनीष बंसल सख्त, बोले— श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए
आगरा। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में राजेश्वर महादेव, मनकामेश्वर, कैलाश महादेव, बल्केश्वर महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, रावली महादेव और बटेश्वरनाथ सहित जिले के प्रमुख शिवालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसरों और अप्रोच मार्गों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट और बिजली लाइनों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए। खुले तार, करंट लीकेज और अन्य विद्युत संबंधी जोखिमों को तत्काल समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को मंदिरों एवं कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर खुले मैनहोल, क्षतिग्रस्त स्लैब, नालों और अन्य संभावित खतरों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया।
बटेश्वर क्षेत्र के घाटों पर विशेष सतर्कता
श्रावण के प्रत्येक सोमवार को बटेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए डीएम ने घाटों पर पर्याप्त गोताखोर, नाव, फ्लड रेस्क्यू उपकरण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा जाली लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, 108 एंबुलेंस सेवा और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
भंडारों की खाद्य सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी जोर
जिलाधिकारी ने कांवड़ शिविरों और भंडारों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं मेट्रो निर्माण कार्य से प्रभावित मार्गों पर पुलिस, यातायात पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावी यातायात प्रबंधन और आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन प्लान लागू करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व वर्षों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा क्षेत्र का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
चेहल्लुम और बारावफात को लेकर भी दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास के दौरान 4 अगस्त को चेहल्लुम और 26 अगस्त को बारावफात का आयोजन भी होगा। उन्होंने सभी समुदायों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त संतोष वैश्य, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।