17 वर्षों तक पैरा कमांडो के रूप में देश सेवा के बाद गांव लौटे प्रेम सिंह जुरैल, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
आगरा। ग्राम पैंत खेड़ा के वीर सपूत प्रेम सिंह जुरैल भारतीय सेना में 17 वर्षों तक पैरा कमांडो के रूप में देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने पैतृक गांव पहुंचे। गांव आगमन पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपने वीर जवान का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके साहस, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन किया। लोगों ने कहा कि प्रेम सिंह जुरैल ने भारतीय सेना में रहकर देश की सुरक्षा के लिए जो योगदान दिया है, वह पूरे गांव के लिए गर्व की बात है।
ग्रामीणों ने उनके सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में कहा कि प्रेम सिंह जुरैल का जीवन संघर्ष, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनकी सेवाएं युवाओं को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देती रहेंगी।
समारोह के अंत में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि गांव को अपने इस वीर सपूत पर सदैव गर्व रहेगा।