आगरा के आईएसबीटी कट पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से पति-पत्नी की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 जुलाई 2026

आगरा के आईएसबीटी कट पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से पति-पत्नी की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम

आगरा के आईएसबीटी कट पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से पति-पत्नी की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम

आगरा। आगरा के आईएसबीटी कट पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे उस समय हुई, जब आईएसबीटी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय एक कंटेनर ट्रक ने अपने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। हादसे में बाइक पर सवार पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति अजय, निवासी सिकंदरा, गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद आईएसबीटी कट से लेकर लॉयर्स कॉलोनी तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए और यातायात को सुचारु कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आईएसबीटी कट पर रोडवेज बसों के अनियमित रूप से खड़े रहने के कारण अक्सर यातायात बाधित रहता है। फ्लाईओवर से उतरने वाले वाहनों की गति अधिक होने और सड़क संकरी हो जाने से यहां पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने इस स्थान पर स्थायी यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

video

Pages