कमिश्नरेट आगरा: थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की अगुवाई में ट्रांस यमुना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बंद मकान में चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार
जनपद आगरा:- 'सेवा, सुरक्षा और संवेदना' के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए आगरा कमिश्नरेट की थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना प्रभारी (थानाध्यक्ष) हरेन्द्र कुमार की कुशल कार्यशैली और सटीक रणनीति के चलते पुलिस टीम ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया है।
बंद मकान को बनाया था निशाना
मामला थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र का है, जहाँ एक वादी (पीड़ित) अपने परिवार सहित रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे कॉपर व पीतल के आर्टिफिशियल चैन बनाने के तार, चैन के टुकड़े और सफेद आर्टिफिशियल चैन चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मु०अ०सं० 242/2026 धारा 331, 305(e) बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की त्वरित कार्रवाई और सटीक रणनीति
चोरी की घटना के अनावरण और अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया। थाना प्रभारी के कुशल निर्देशन में टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर 'झरना नाले' के पास से दो शातिर अभियुक्तों— राकेश कुमार और कुलदीप सिंह (निवासी: रूकनता, थाना सिकन्दरा, आगरा) को धर दबोचा।
भारी मात्रा में माल और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद
पुलिस टीम ने पकड़े गए चोरों के पास से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद सामान में 20 जोड़ी सफेद धातु की पायल, 01 पैकेट पीली धातु और ₹1,010/- नगद शामिल हैं। इसके साथ ही चोरी की वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किया गया 01 ऑटो भी पुलिस ने जब्त किया है। इस मामले में शामिल दो अन्य वांछित अभियुक्तों (प्रभु उर्फ टंगा और सफीम) की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सरहानीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण सफलता को अमलीजामा पहनाने वाली टीम में उ०नि० हिमांशु सैनी, उ०नि० विक्रांत, का० शुभम कुमार, का० रवि सैनी, का० हिमांशु और का० शाल्विन सिंह शामिल रहे।