आगरा में भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान का भव्य स्वागत, 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का किया दावा
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान के प्रथम आगरा आगमन पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने टुंडला टोल से गांधीनगर स्थित आवास तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा कार्यकर्ता स्वागत में शामिल हुए। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए, जहां फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
स्वागत यात्रा टुंडला टोल से शुरू होकर टुंडला चौराहा, एत्मादपुर चौराहा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा, कुबेरपुर, शाहदरा चुंगी, ट्रांस यमुना, रामबाग, वाटरवर्क्स और सुल्तानगंज की पुलिया होते हुए गांधीनगर स्थित आवास पहुंची। इसके बाद रामप्रताप चौहान ने दीवानी परिसर स्थित भारत माता की प्रतिमा तथा यमुना किनारे स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
सुल्तानगंज की पुलिया पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2017 जैसा प्रदर्शन दोहराएगी और लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अवसरवादी राजनीति को पहचान चुकी है और कानून व्यवस्था, विकास तथा सुशासन के आधार पर भाजपा को फिर से जनसमर्थन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर को देश की आस्था का केंद्र बताते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। साथ ही विपक्षी दलों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और महिलाओं व व्यापारियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन और भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने स्वागत यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी संगठन की मजबूती का प्रमाण है।
इस अवसर पर एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक जी.एस. धर्मेश, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, राजू परमार, रोहित कत्याल, दीपू जादौन, नवीन गौतम, राहुल सागर, गौरव राजावत, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।