एत्मादपुर:उजड़ गया परिवार: होजरी फैक्ट्री में करंट से गई 35 वर्षीय ठेकेदार की जान, पीछे छोड़ गया 4 साल का मासूम" - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

एत्मादपुर:उजड़ गया परिवार: होजरी फैक्ट्री में करंट से गई 35 वर्षीय ठेकेदार की जान, पीछे छोड़ गया 4 साल का मासूम"

एत्मादपुर:उजड़ गया परिवार: होजरी फैक्ट्री में करंट से गई 35 वर्षीय ठेकेदार की जान, पीछे छोड़ गया 4 साल का मासूम"

जनपद आगरा। जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के भागूपुर स्थित कमल होजरी फैक्ट्री में शुक्रवार को एक दुखद हादसा हो गया। फैक्ट्री के बेसमेंट से पानी निकालते समय करंट की चपेट में आने से एक मजदूर ठेकेदार की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में फैक्ट्री मालिक द्वारा आर्थिक सहायता का भरोसा दिए जाने पर परिजन शांत हुए।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय धीरज कुशवाहा के रूप में हुई है, जो सिकंदरा थाना क्षेत्र के राजपुर चुंगी का निवासी था। जानकारी के अनुसार, धीरज पिछले 12 वर्षों से इस होजरी फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे फैक्ट्री मालिक ने उसे बेसमेंट में भरे पानी को निकालने के लिए बुलाया था। धीरज अपने अन्य मजदूरों के साथ वहां पहुंचा और मोटर लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू किया। इसी दौरान पानी में अचानक करंट फैल गया। वहां मौजूद अन्य मजदूर तो समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन धीरज करंट की चपेट में आ गया। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

*मृतक के परिजनों ने किया तीन घंटे तक हंगामा*

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाम करीब 4 बजे आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे घटना के लिए फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। प्रदर्शन के कारण वहां भारी हंगामा हुआ, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए फैक्ट्री मालिक विकास और परिजनों के बीच वार्ता हुई। फैक्ट्री मालिक द्वारा पीड़ित परिवार को 17 लाख रुपये की आर्थिक मदद का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। थाना पुलिस द्वारा मिली जानकारी में बताया गया है कि फैक्ट्री मालिक की ओर से सहायता राशि के आश्वासन के बाद परिजन मान गए हैं। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है। गौरतलब है कि मृतक धीरज की शादी सात साल पहले हुई थी और उनका चार साल का एक छोटा बेटा है। इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।

video

Pages