आगरा मंडल में टिकट चेकिंग का बड़ा अभियान, 20 दिनों में 21,265 यात्रियों पर कार्रवाई, ₹1.86 करोड़ से अधिक का जुर्माना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 22 जुलाई 2026

आगरा मंडल में टिकट चेकिंग का बड़ा अभियान, 20 दिनों में 21,265 यात्रियों पर कार्रवाई, ₹1.86 करोड़ से अधिक का जुर्माना

आगरा मंडल में टिकट चेकिंग का बड़ा अभियान, 20 दिनों में 21,265 यात्रियों पर कार्रवाई, ₹1.86 करोड़ से अधिक का जुर्माना

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। 1 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक चले मिशन मोड अभियान के दौरान कुल 21,265 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹1.86 करोड़ से अधिक का राजस्व वसूला गया।

आगरा मंडल के प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षकों एवं टिकट जांच स्टाफ ने मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और विभिन्न रेल खंडों पर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक और मजिस्ट्रेट चेक जैसे विशेष अभियान संचालित किए गए। इसका उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण, रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना था।

रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान के दौरान 9,807 बिना टिकट यात्रियों से कार्रवाई करते हुए ₹1.06 करोड़ का जुर्माना वसूला गया। वहीं 9,769 अनियमित यात्रियों से ₹78.35 लाख की वसूली की गई। इसके अलावा बिना बुक सामान के 8 मामलों में ₹3,065 तथा गंदगी (लिटरिंग) के 1,681 मामलों में ₹1.71 लाख का जुर्माना वसूला गया।

इस प्रकार कुल 21,265 मामलों में कार्रवाई करते हुए आगरा मंडल ने ₹1.86 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया।

जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि रेलवे द्वारा इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और यात्रियों में नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़े।

video

Pages