संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सपा का जन आक्रोश मार्च आज, अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक निकलेगा जुलूस
आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर आगरा ने संविधान, लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों पर कथित हमलों के विरोध में बुधवार, 22 जुलाई को "संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ" जन आक्रोश मार्च निकालने की घोषणा की है। पार्टी ने लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिकों, छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने प्रेसवार्ता में कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर होने वाला हर हमला देश की आत्मा पर प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोज़र कार्रवाई तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता की आवाज़ को बुलडोज़र और लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया जाएगा तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को अपनी बात रखने, विरोध दर्ज कराने और संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने की स्वतंत्रता भी इसकी मूल भावना है। छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज़ को दबाने का कोई भी प्रयास संविधान की भावना के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 2026 को आयोजित "संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ" जन आक्रोश मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, बिजलीघर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक जाएगा। मार्च में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र, युवा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिक शामिल होंगे।
सपा महानगर अध्यक्ष ने संविधान और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, छात्रों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।