आगरा में मसाला कंपनियों पर एफएसडीए का शिकंजा, 8 नमूने जांच को भेजे; 409.9 किलो मसाले सीज - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

आगरा में मसाला कंपनियों पर एफएसडीए का शिकंजा, 8 नमूने जांच को भेजे; 409.9 किलो मसाले सीज

आगरा में मसाला कंपनियों पर एफएसडीए का शिकंजा, 8 नमूने जांच को भेजे; 409.9 किलो मसाले सीज

आगरा। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने गुरुवार को आगरा की मसाला निर्माण इकाइयों और प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान धनिया पाउडर, साबुत जीरा, हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, स्नैक्स मसाला, पिज्जा ओरेगानो, सलाद मसाला और गरम मसाला सहित कुल 8 विधिक नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

एफएसडीए की टीम ने एम/एस सूरजी स्पाइसेज, खासपुर, दयालबाग का निरीक्षण कर धनिया पाउडर, साबुत जीरा, हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, स्नैक्स मसाला, पिज्जा ओरेगानो और सलाद मसाला के कुल 7 नमूने संग्रहित किए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत 300 किलोग्राम सेंधा नमक, 53.9 किलोग्राम हल्दी पाउडर और 56 किलोग्राम धनिया पाउडर, कुल 409.9 किलोग्राम खाद्य पदार्थ सीज किए गए। जब्त किए गए मसालों की अनुमानित कीमत 48,980 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा एस.के. गोयल सेल्स, जगनेर, खेरागढ़ से गरम मसाला का एक विधिक नमूना भी लिया गया। इस तरह पूरे अभियान में कुल 8 नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने जनपद के सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे केवल मानक और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण एवं बिक्री करें तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। एफएसडीए का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

video

Pages