खंदारी-मऊ रोड पर गरजा नगर निगम का बुलडोजर, 24 अवैध निर्माण ध्वस्त
आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को खंदारी-मऊ रोड पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान सड़क, नालों, नालियों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान नालों पर बनाए गए सीमेंट के रैंप बुलडोजर से तोड़े गए। फुटपाथों पर लगाए गए टिन शेड, तिरपाल, काउंटर और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया गया। साथ ही सड़क किनारे रखा कबाड़ और अन्य सामान भी जब्त कर लिया गया।
नगर निगम की टीम ने दो दर्जन से अधिक टिन शेड, काउंटर और कबाड़ का सामान कब्जे में लिया। इस दौरान गंदगी फैलाने और अवैध अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही अतिक्रमण करने वालों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई।