एत्मादपुर पुलिस बनी 'फरिश्ता': हाईवे पर लावारिस मिली बुजुर्ग महिला को 'सी-प्लान ऐप' ने मिलाया अपनों से
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- (एत्मादपुर) मानवता और तकनीक का बेहतरीन सामंजस्य देखने को मिला जब एत्मादपुर पुलिस ने एक बिछड़ी हुई बुजुर्ग महिला को उनके परिजनों से सकुशल मिला दिया। करीब 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला, जो मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण अपना घर भूल गई थीं, आगरा-कानपुर हाईवे स्थित एक ढाबे पर लावारिस हालत में पाई गईं।
बीती 3 जुलाई को एत्मादपुर पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर एक वृद्ध महिला असहाय बैठी हैं। सूचना मिलते ही हाईवे चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला से पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपना नाम और पता स्पष्ट नहीं बता पा रही थीं।
*'सी-प्लान ऐप' का दिखा कमाल*
महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तकनीक का सहारा लिया। पुलिस ने 'सी-प्लान ऐप' के जरिए डेटा खंगाला और महिला की पहचान सुनिश्चित की। जांच में पता चला कि महिला जनपद गोंडा के थाना परसपुर क्षेत्र की निवासी हैं। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। पूछताछ में पता चला कि बुजुर्ग महिला 1 जुलाई को ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान गलती से वह टूंडला जंक्शन पर उतर गईं और अपने परिजनों से बिछड़ गईं। दो दिन तक भटकने के बाद वह एत्मादपुर तक पहुँच गई थीं।