आगरा विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: अवैध अस्पताल समेत दो निर्माण सील, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

आगरा विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: अवैध अस्पताल समेत दो निर्माण सील, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

आगरा विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: अवैध अस्पताल समेत दो निर्माण सील, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मंगलवार को अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल सहित दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। कार्रवाई उन निर्माणों पर की गई, जहां या तो स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन किया जा रहा था या बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य किया जा रहा था।

एडीए की पहली कार्रवाई कालिंदी विहार क्षेत्र में की गई, जहां कृष्ण पाल सिंह द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया जा रहा था। यहां अनिरस सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के नाम से भवन का निर्माण चल रहा था। भवन का अग्रभाग लगभग तैयार हो चुका था, जबकि अंदर निर्माण कार्य जारी था। प्राधिकरण ने पहले भी निर्माणकर्ता को नियमों का पालन करने के लिए नोटिस और चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। लगातार नियमों की अनदेखी किए जाने पर एडीए ने मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया।

दूसरी कार्रवाई भी कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी के पास सेक्टर-बी में की गई। यहां रोशन लाल भारती द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए तीन मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण पूरी तरह अवैध पाए जाने पर एडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया और आगे किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।

आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने या स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कराने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी भवन का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति एवं मानचित्र की स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में कार्रवाई से बचा जा सके।

video

Pages