24 घंटे में चोरी का खुलासा: डौकी पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, नकदी और डीवीआर बरामद
आगरा। थाना डौकी पुलिस ने चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी और दो डीवीआर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में नई धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना डौकी क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंप पर कार्य करने वाले कर्मचारी शाहरुख ने तड़के करीब तीन बजे पंप से नकदी और डीवीआर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना डौकी में मुकदमा संख्या 145/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त आगरा, अपर पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना डौकी पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष डौकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वाजिदपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी शाहरुख पुत्र रसीद अहमद उर्फ कल्लू खां को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के दो डीवीआर और 2,520 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।