ऑटो में बैठाकर की लूट, सदर बाजार पुलिस ने दो बदमाश दबोचे; वारदात में प्रयुक्त ऑटो, मोबाइल और नकदी बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

ऑटो में बैठाकर की लूट, सदर बाजार पुलिस ने दो बदमाश दबोचे; वारदात में प्रयुक्त ऑटो, मोबाइल और नकदी बरामद

ऑटो में बैठाकर की लूट, सदर बाजार पुलिस ने दो बदमाश दबोचे; वारदात में प्रयुक्त ऑटो, मोबाइल और नकदी बरामद

आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने ऑटो में बैठाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, लूटा गया मोबाइल फोन, मोबाइल के पार्ट्स तथा नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित ने थाना सदर बाजार में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह रात के समय खेरिया मोड़ से अपने गांव कागरौल जाने के लिए एक ऑटो में बैठा था। रास्ते में ऑटो चालक ने मालिक से पैसे लेने का बहाना बनाकर वाहन को अजीजपुर होते हुए सोहल्ला रेलवे क्रॉसिंग के सुनसान इलाके की ओर मोड़ दिया। वहां ऑटो चालक और उसके साथियों ने चाकू दिखाकर पीड़ित से उसका मोबाइल फोन और 1,500 रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

घटना के संबंध में थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 0459/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सौहल्ला रेलवे अंडरपास के पास से घटना में शामिल दो आरोपियों सोना और प्रिन्स को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो, लूटा गया एक मोबाइल फोन, मोबाइल का मदरबोर्ड, मोबाइल के कुछ पार्ट्स तथा 570 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि दोनों किसी अन्य लूट या आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

video

Pages