आगरा में 25 और 26 जुलाई को ट्रैफिक अलर्ट: सीएम योगी के दौरे के चलते कई रास्ते बंद, जानिए पूरा डायवर्जन प्लान
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 25 और 26 जुलाई के आगरा दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा को देखते हुए कई मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य लें।
यातायात पुलिस के अनुसार फतेहाबाद की ओर से आने वाले मध्यम और भारी वाहन इनर रिंग रोड से रहनकलां, कुबेरपुर तथा गतिला अंडरपास होते हुए शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया अथवा दिगनेर-रोहता मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
रमाडा अंडरपास से तोरा चौकी और टाटा ग्राउंड कार्यक्रम स्थल की ओर मध्यम एवं भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रमाडा की ओर से आने वाले हल्के वाहन तोरा चौकी, 125 फीट रोड और कैला देवी धर्मकांटा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं सेल्फी प्वाइंट से आने वाले हल्के वाहन अपनी निर्धारित लेन से रमाडा की ओर जा सकेंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहन रमाडा इनर रिंग रोड, गतिला अंडरपास, शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया अथवा दिगनेर-रोहता मार्ग से गुजरेंगे। वहीं शमसाबाद इनर रिंग रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन रमाडा इनर रिंग रोड के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और कुबेरपुर की ओर भेजे जाएंगे।
यमुना किनारा और जीवनी मंडी से वाटर वर्क्स के बीच स्थित ट्रांसपोर्टर्स के गोदामों पर 25 जुलाई की रात भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान गोदामों पर लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य भी नहीं किया जाएगा। नो-एंट्री खुलने के बाद भी एत्माद्दौला, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, पालीवाल पार्क और अन्य वैकल्पिक मार्गों से जीवनी मंडी एवं यमुना किनारा की ओर मध्यम और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने चार पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं—
पार्किंग-1: टाटा ग्राउंड के बगल स्थित खाली प्लॉट
पार्किंग-2: बीजी क्राफ्ट पार्किंग
पार्किंग-3: त्रिवेणी ग्रीन्स पार्किंग (जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लिए)
पार्किंग-4: जनसभा स्थल (बसों एवं हल्के वाहनों के लिए)
फतेहाबाद रोड की ओर से आने वाली बसें तोरा चौकी, 125 फीट रोड, कैला देवी धर्मकांटा और मदीना मस्जिद तिराहे से होकर जनसभा स्थल स्थित बस पार्किंग तक पहुंचेंगी। वहीं माल रोड और बसई चौकी की ओर से आने वाली बसें सेल्फी प्वाइंट, 100 फीट रोड और लॉर्ड्स ऑफ ड्रिंक्स तिराहे से होकर मदीना मस्जिद तिराहे के रास्ते जनसभा स्थल तक पहुंचेंगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 25 और 26 जुलाई को अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर पुलिस का सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।