स्कूल चलो अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय खेड़िया के बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी विद्यालयों में नामांकन के लिए किया प्रेरित
आगरा:-बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विकास खंड अकोला के प्राथमिक विद्यालय खेड़िया के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति जनजागरण का संदेश दिया। रैली के दौरान बच्चों ने विभिन्न स्थानों पर आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर अभिभावकों से अपने बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा शर्मा द्वारा नुक्कड़ नाटक का लेखन एवं निर्देशन किया गया। बच्चों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से शिक्षा के महत्व, बालिका शिक्षा, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान रामकुमार तथा पूर्व ग्राम प्रधान हरदौल सिंह ने विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने तथा शिक्षा के इस जन अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी पहल का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों पूजा शर्मा, पुष्पा अहिरवार, श्यामवीर सिंह, शालिनी सिंह, नेहा भदौरिया एवं दिनेश कुमार ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
-----------------------------