आगरा में स्कूली वाहनों पर चला सख्त अभियान, 34 वैन, बस और ऑटो का चालान व सीज; 22 जुलाई तक होगी लगातार कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

आगरा में स्कूली वाहनों पर चला सख्त अभियान, 34 वैन, बस और ऑटो का चालान व सीज; 22 जुलाई तक होगी लगातार कार्रवाई

आगरा में स्कूली वाहनों पर चला सख्त अभियान, 34 वैन, बस और ऑटो का चालान व सीज; 22 जुलाई तक होगी लगातार कार्रवाई

आगरा। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस कमिश्नरेट आगरा में मंगलवार से स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने शहरभर में स्कूल बसों, वैन और ऑटो की गहन जांच की।

अभियान के पहले दिन सुबह स्कूल खुलने और दोपहर छुट्टी के समय बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। इस दौरान परिवहन नियमों के पालन, वाहन के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, पंजीकरण, सुरक्षा मानकों तथा क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने जैसी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।

यातायात पुलिस ने कुल 348 स्कूली वाहनों की जांच की, जिनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए कई खटारा एवं मानकों के विपरीत संचालित वाहनों को सीज भी किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान 22 जुलाई तक लगातार 15 दिनों तक चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना, जर्जर एवं नियमों के विपरीत संचालित वाहनों पर रोक लगाना तथा स्कूल वाहन संचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

यातायात पुलिस ने स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करें और बच्चों के जीवन से किसी भी प्रकार का समझौता न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

video

Pages