सीएम ग्रिड योजना में लापरवाही पर डीएम मनीष बंसल सख्त, धीमी प्रगति पर ठेकेदारों को फटकार; समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

सीएम ग्रिड योजना में लापरवाही पर डीएम मनीष बंसल सख्त, धीमी प्रगति पर ठेकेदारों को फटकार; समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

सीएम ग्रिड योजना में लापरवाही पर डीएम मनीष बंसल सख्त, धीमी प्रगति पर ठेकेदारों को फटकार; समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

आगरा। मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर में विकसित की जा रही मॉडल सड़कों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में कई परियोजनाओं की संतोषजनक प्रगति न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई तथा स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि हरीपर्वत–राजामंडी मार्ग पर अब तक केवल 15 प्रतिशत तथा टेढ़ी बगिया सड़क परियोजना में मात्र 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए देरी के कारणों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए तत्काल मैनपावर, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाए।

डीएम मनीष बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना शहर की महत्वपूर्ण विकास परियोजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य रूप से किए जाएं, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

बैठक में परियोजनाओं में बाधा बन रहे अतिक्रमण के मामलों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।

उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की भी होगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दो टूक कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एजेंसियों को समयबद्ध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता के साथ मॉडल सड़कों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

video

Pages