रिश्तों का खून: कोर्ट में केस, ससुराल में चाकूबाजी: पति ने पत्नी के पेट में घोंपा चाकू, गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 7 जुलाई 2026

रिश्तों का खून: कोर्ट में केस, ससुराल में चाकूबाजी: पति ने पत्नी के पेट में घोंपा चाकू, गिरफ्तार

रिश्तों का खून: कोर्ट में केस, ससुराल में चाकूबाजी: पति ने पत्नी के पेट में घोंपा चाकू, गिरफ्तार

जनपद आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोलियाई मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी के पेट में चाकू घोंपकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

एसीपी ताज सुरक्षा, यतेन्द्र सिंह नागर ने जानकारी दी कि आज मंगलवार को शाम लगभग 4 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कोलियाई मोहल्ले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति रणबीर, जो कि जनपद आगरा के ही थाना डौकी क्षेत्र का निवासी है, उसका अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। यह मामला माननीय न्यायालय में भी विचाराधीन है। इसी रंजिश के कारण आज रणबीर अपनी ससुराल पहुँचा, जहाँ किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने आपा खो दिया और अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

वारदात की जानकारी मिलते ही थाना ताजगंज की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लहूलुहान अवस्था में मिली घायल महिला, कुंती देवी, को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घटना को अंजाम देकर मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पति रणबीर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

दिनदहाड़े हुई इस हिंसक वारदात से पूरे कोलियाई मोहल्ले में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से ही इलाके के लोग सदमे में हैं। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीपी ताज सुरक्षा ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

video

Pages