आगरा में 35 लाख रुपये का गांजा पकड़ा: ओडिशा से अलीगढ़ जा रही खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.340 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराज्यीय तस्करी के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आइशर ट्रक, तीन मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से अलीगढ़ ले जाई जा रही थी और आगरा होकर गुजर रही थी।
पुलिस के अनुसार थाना मलपुरा क्षेत्र में रोहता रोड स्थित जारुआ कटरा मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। सहायक पुलिस आयुक्त सैंया की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें 93 पैकेटों में कुल 102.340 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि ट्रक में रखा गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से पूरन और राम गोला नामक व्यक्तियों ने लदवाया था। खेप को प्रयागराज और लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए आगरा के रास्ते अलीगढ़ पहुंचाया जाना था, जहां इसकी सप्लाई की जानी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र उपाध्याय पुत्र कौशल उपाध्याय निवासी घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर तथा प्रिंस बघेल पुत्र उमाशंकर बघेल निवासी जनकीगढ़ई टेहू, थाना बरहन, कमिश्नरेट आगरा के रूप में हुई है।
मामले में पूरन और राम गोला नामक दो अन्य तस्कर अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।