आगरा में जीवा डायमंड ज्वैलरी शोरूम चोरी का खुलासा: दिल्ली-बिहार-नेपाल तक फैले गैंग के 5 शातिर गिरफ्तार, ₹2 करोड़ की चोरी का भी खुला राज - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 21 जुलाई 2026

आगरा में जीवा डायमंड ज्वैलरी शोरूम चोरी का खुलासा: दिल्ली-बिहार-नेपाल तक फैले गैंग के 5 शातिर गिरफ्तार, ₹2 करोड़ की चोरी का भी खुला राज

आगरा में जीवा डायमंड ज्वैलरी शोरूम चोरी का खुलासा: दिल्ली-बिहार-नेपाल तक फैले गैंग के 5 शातिर गिरफ्तार, ₹2 करोड़ की चोरी का भी खुला राज

आगरा। थाना ताजगंज पुलिस ने फतेहाबाद रोड स्थित जीवा डायमंड ज्वैलरी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग दिल्ली, बिहार और नेपाल तक सक्रिय था तथा पहले भी दिल्ली के ज्वैलरी शोरूमों में करीब दो करोड़ रुपये की चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 116.3 ग्राम पीली धातु (सोना), ₹1,18,000 नकद, 35,000 नेपाली मुद्रा, 6 मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी छोटू और रियाज अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

7 जुलाई की रात टूटा शोरूम का ताला

पुलिस के अनुसार फतेहाबाद रोड स्थित जीवा डायमंड ज्वैलरी स्टोर के कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जुलाई की रात शोरूम बंद करने के बाद जब 8 जुलाई की सुबह पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर डिस्प्ले में रखी सोने-चांदी की ज्वैलरी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

होटल आइकन के पास दबोचे गए आरोपी

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार रात 125 फुटा रोड स्थित होटल आइकन के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश शाह, विपत्तीदास, निरंजन कुमार उर्फ विक्की, विशाल उर्फ महेश उर्फ दीपक और डब्लू कुमार (सुनार) के रूप में हुई।

बिहार में बेचा चोरी का माल, नेपाल तक पहुंचा सोना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात में कुल छह लोग शामिल थे। चोरी के बाद वे माल लेकर बिहार पहुंचे, जहां आधा सामान सुनार डब्लू कुमार को बेच दिया। सुनार ने चोरी के सोने का कुछ हिस्सा गलाकर नेपाल में बेच दिया। बरामद नकदी उसी चोरी के माल की बिक्री से मिली है, जबकि शेष सोना दिल्ली में बेचने की तैयारी थी। सुनार के पास पूरा माल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए सभी आरोपी दिल्ली जा रहे थे, जहां माल खपाने की योजना थी।

चोरी का था अनोखा तरीका

आरोपियों ने बताया कि वारदात के दौरान गिरोह का एक सदस्य बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा शटर के सामने सफेद कपड़ा फैला देता था ताकि अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई न दें। इसी दौरान बाकी सदस्य शटर का ताला काटकर शोरूम में घुसते और चोरी को अंजाम देते थे।

दिल्ली में भी कर चुके हैं बड़ी वारदातें

पूछताछ में खुलासा हुआ कि इसी गैंग ने पहले दिल्ली के नॉर्थ रोहिणी स्थित जीवा ज्वैलरी स्टोर से करीब 41 लाख रुपये तथा प्रीत विहार स्थित जीवा ज्वैलरी स्टोर से करीब 1.5 करोड़ रुपये की ज्वैलरी चोरी की थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

video

Pages