आगरा की ऐतिहासिक रामलीला में इस बार संजय सिंघल बनेंगे राजा दशरथ, नीता सिंघल निभाएंगी रानी कौशल्या की भूमिका
आगरा। शहर की प्राचीनतम एवं ऐतिहासिक श्रीरामलीला में इस वर्ष राजा दशरथ की भूमिका वरिष्ठ समाजसेवी एवं सराफा कारोबारी संजय सिंघल निभाएंगे, जबकि उनकी पत्नी नीता सिंघल रानी कौशल्या के रूप में मंच पर नजर आएंगी। श्रीरामलीला कमेटी की जनकपुरी-दशरथ चयन समिति ने सोमवार को उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी।
चयन समिति की बैठक की अध्यक्षता विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने की, जबकि संचालन श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने किया। संजय सिंघल वर्तमान में श्रीरामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष हैं और पिछले 24 वर्षों से रामलीला से जुड़े हुए हैं। मूल रूप से सादाबाद निवासी संजय सिंघल का किनारी बाजार में सराफा कारोबार है और वे लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
आगरा में हर वर्ष अलग-अलग स्थानों पर सजने वाली जनकपुरी इस बार भावना एस्टेट, सिकंदरा में सजेगी। श्रीरामलीला कमेटी ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए भावना एस्टेट के प्रतिनिधियों को वर्ष 2026 की जनकपुरी आयोजित करने का पत्र सौंपा। पत्र मिलते ही भगवान श्रीराम और माता जानकी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और आयोजन की तैयारियां भी शुरू हो गईं।
हर वर्ष पितृपक्ष की एकादशी पर निकलने वाली आगरा की ऐतिहासिक रामबारात इस बार 6 अक्टूबर, मंगलवार को निकाली जाएगी। इसके बाद 7, 8 और 9 अक्टूबर को भावना एस्टेट में भव्य जनकपुरी महोत्सव का आयोजन होगा। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं और रामभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
आगरा की ऐतिहासिक रामलीला और विश्वप्रसिद्ध रामबारात अपनी भव्यता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा के लिए देशभर में विशेष पहचान रखती है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।