कर्ज के बोझ में दबा युवक: 40 लाख की लूट की झूठी कहानी रची, पुलिस की जांच में हुआ पर्दाफाश
आगरा। जनपद में 40 लाख रुपये की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया, लेकिन जांच के बाद यह पूरा मामला फर्जी निकला। पुलिस ने खुलासा किया है कि कर्ज से परेशान होकर युवक ने खुद ही लूट की झूठी कहानी रची थी।
प्राप्त मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक मंगलवार को थाना खंदौली क्षेत्र में यूपी-112 पर सूचना दी गई कि अलीगढ़-आगरा हाईवे पर राजवीर नाम के एक व्यक्ति से 40 लाख रुपये की लूट हुई है। राजवीर, जो कि जनपद हाथरस का निवासी है, उसने बताया कि वह ये पैसे किसी को देने जा रहा था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना खंदौली पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। पुलिस द्वारा की गई गहन छानबीन में मौके पर लूट जैसी किसी भी घटना का कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से युवक से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी राजवीर ने बताया कि वह करीब 50-60 लाख रुपये के भारी कर्ज में दबा हुआ है। इसी कर्ज के तनाव और उसे छुपाने की कोशिश में उसने पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी थी।