पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, 48 दिन बाद पत्नी गिरफ्तार
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने वाली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को महिला ने थाना सिकंदरा में अपने पति सुरेंद्र शर्मा के घर से लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर गुमशुदगी दर्ज की गई।
गुमशुदा की तलाश के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर महिला से गहन पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी शादी करीब 16 वर्ष पहले हुई थी। उसका पति शराब पीकर आए दिन उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता था तथा घर खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता था। महिला सिलाई कर परिवार का पालन-पोषण करती थी, लेकिन पति उसकी कमाई भी शराब और अपने खर्च के लिए छीन लेता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने पति की हत्या कर दी।
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने घर के बाथरूम का फर्श खुदवाया, जहां से सुरेंद्र शर्मा के शव के अवशेष बरामद किए गए। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।