आगरा पुलिस का बड़ा खुलासा: किराये की थार-स्कॉर्पियो से सवारी बनाकर करते थे लूट, 48 घंटे में चार बदमाश गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 28 जुलाई 2026

आगरा पुलिस का बड़ा खुलासा: किराये की थार-स्कॉर्पियो से सवारी बनाकर करते थे लूट, 48 घंटे में चार बदमाश गिरफ्तार

आगरा पुलिस का बड़ा खुलासा: किराये की थार-स्कॉर्पियो से सवारी बनाकर करते थे लूट, 48 घंटे में चार बदमाश गिरफ्तार

आगरा। थाना शमशाबाद और थाना बमरौली कटारा पुलिस की संयुक्त टीम ने सवारी बैठाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, आभूषण, एक तमंचा तथा वारदात में इस्तेमाल की गई किराये की थार और स्कॉर्पियो बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी किराये पर थार और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियां लेते थे और रात के समय सवारी वाहन बताकर यात्रियों को बैठा लेते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करते हुए नगदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह ने पहली वारदात थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में की थी। आरोपियों ने बिजलीघर क्षेत्र से एक व्यक्ति को सवारी के बहाने थार में बैठाया और रास्ते में सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट कर नगदी और सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद पीड़ित को सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए।

दूसरी घटना थाना शमशाबाद क्षेत्र की है, जहां आगरा रोड स्थित बड़ागांव के पास एक व्यापारी को आगरा से राजाखेड़ा जाने वाली सवारी गाड़ी बताकर वाहन में बैठाया गया। आरोपियों ने उसे भी सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट लिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करन जादौन पुत्र राजू निवासी नयावास, सूरज तोमर पुत्र प्रकाश निवासी बिसैरी गोरवा, विवेक कुशवाहा पुत्र राकेश निवासी कहरई तथा दीपेश पुत्र बहादुर निवासी शहीद नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, सोने के आभूषण, एक अवैध तमंचा तथा वारदात में प्रयुक्त किराये की थार और स्कॉर्पियो बरामद की है।

थाना प्रभारी शमशाबाद सुरेंद्र राव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनके नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।

video

Pages