आगरा: दहेज की मांग बनी मौत की वजह, पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विवाहिता के साथ लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने तथा मारपीट के बाद उसकी मौत का आरोप है।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार राहुल पुत्र राजन सिंह निवासी धारापुरा, थाना फतेहाबाद के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा और मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
वादी का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 183/2026, धारा 85/80(2) बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा, अपर पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
इसी अभियान के तहत थाना फतेहाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं मृतका के पति राहुल पुत्र राजन सिंह को धारापुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।