आगरा में फिर धंसी सड़क: कमला नगर के कर्मयोगी में 5 फीट चौड़ा और 6 फीट गहरा गड्ढा, रास्ता बंद
आगरा। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। गुरुवार को आगरा की पॉश कॉलोनी कमला नगर के कर्मयोगी क्षेत्र में अचानक सड़क धंस गई, जिससे बीच सड़क पर करीब 5 फीट चौड़ा और 6 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पूरे मार्ग को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया।
शहर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एमजी रोड से लेकर विभिन्न मुख्य मार्गों, कॉलोनियों और गलियों तक कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। कहीं निर्माण कार्य के कारण खुदाई चल रही है तो कहीं अतिक्रमण के चलते सड़कें पहले से ही संकरी हो चुकी हैं। ऐसे में अचानक सड़क धंसने की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं।
कमला नगर के कर्मयोगी क्षेत्र में सड़क धंसने के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही पलों में सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ गया और गहरा गड्ढा बन गया। यदि उस समय कोई भारी वाहन या दोपहिया वहां से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने के कारणों की जांच कराई जा रही है और मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद शहरवासी सवाल उठा रहे हैं कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कें पहली ही बारिश में क्यों जवाब दे रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर और कमजोर सड़कों की जांच एवं मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं।