5 घंटे में अपहृत बच्ची सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार
आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बच्ची को महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना न्यू आगरा में सूचना दी कि उनकी पुत्री शाम करीब 4 बजे अब्बूलाला की दरगाह के पास खाने का सामान लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा में मु0अ0सं0 255/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फाउंड्री नगर चौकी क्षेत्र में कबीर आश्रम जाने वाले रास्ते के पास से आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।