आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 60 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब की 492 पेटियां बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
आगरा। आगरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा है। थाना मलपुरा पुलिस ने इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में 492 पेटियां (12,108 बोतलें) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीती रात मलपुरा चौराहा जारुआ कटरा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पीले रंग की तिरपाल से ढका एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब की 492 पेटियां मिलीं, जिनमें कुल 12,108 बोतलें भरी थीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवड़ा राजू पुत्र पुखरा, निवासी रामदेव नगर, थाना अडालज, जिला गांधीनगर (गुजरात) तथा अजय पुत्र मुकेश कागसिया, निवासी थाना अडालज, जिला गांधीनगर (गुजरात) के रूप में हुई है।
पंजाब से गोरखपुर भेजी जा रही थी खेप
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह ट्रक जिरकपुर (पंजाब) से उन्हें राहुल नामक व्यक्ति ने सौंपा था। राहुल ने ट्रक को गोरखपुर तक पहुंचाने का निर्देश दिया था और रास्ते में पुलिस जांच होने पर दिखाने के लिए फार्म स्क्रैप की फर्जी बिल्टी भी दी थी। गोरखपुर पहुंचने के बाद ट्रक कहां उतारना है, इसकी जानकारी राहुल द्वारा फोन पर दी जानी थी।
आरोपियों ने बताया कि इस खेप को सुरक्षित गोरखपुर पहुंचाने के बदले उन्हें 25 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। शराब की खेप भेजने वाले राहुल सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।