आगरा में दर्दनाक हादसा: वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में डूबा 9 वर्षीय मासूम, परिवार का आरोप- कर्मचारियों की लापरवाही ने ली जान
आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गर्मी की छुट्टियों में दोस्तों के साथ वाटर पार्क घूमने गया नौ वर्षीय मासूम स्विमिंग पूल में डूब गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने वाटर पार्क प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दोस्तों के साथ गया था वाटर पार्क
खंदौली क्षेत्र के छोटा गुड़ा गांव निवासी 9 वर्षीय अभि बुधवार दोपहर अपने चचेरे भाई प्रशांत और गांव के अन्य बच्चों विकास, रवि, दिनेश व हरिओम के साथ पुरा लोधी स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क घूमने गया था। शाम करीब चार बजे सभी बच्चे स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान अभि खेलते-खेलते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाकर कर्मचारियों को बुलाया।
परिजनों का आरोप- मदद में हुई देरी
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बच्चों के लगातार शोर मचाने के बावजूद कर्मचारियों ने समय रहते राहत कार्य शुरू नहीं किया। उनका कहना है कि कर्मचारी पहले घटना का वीडियो बनाने में व्यस्त रहे और काफी देर बाद बच्चे को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अभि को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा मातम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में पहले वाटर पार्क और फिर अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अभि अपने तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और कक्षा दो का छात्र था।
वाटर पार्क संचालक पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने वाटर पार्क संचालक के खिलाफ जमकर हंगामा किया। आरोप है कि हादसे के बाद संचालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता राकेश ने संचालक केशव के खिलाफ खंदौली थाने में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्विमिंग पूल और वाटर पार्क बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि ब्लू व्हेल वाटर पार्क में प्रशिक्षित लाइफगार्ड की तैनाती नहीं थी, आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों का अभाव था और परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी वाटर पार्क में डूबने से एक बच्चे की मौत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
पुलिस ने वाटर पार्क कराया बंद, जांच शुरू
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाटर पार्क को बंद करा दिया। एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना पुलिस द्वारा मुख्य गेट पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर ही चाबी मंगवाकर पूरे परिसर का निरीक्षण कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।