जनपद में पूर्व सैनिकों के लिए विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का हुआ आयोजन
लोक अदालत, मध्यस्थता और निःशुल्क विधिक सहायता की दी विस्तृत जानकारी
आगरा:-उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में आज दिनांक 01.07.2026 को सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, आगरा में विधिक सहायता क्लीनिक (Legal Aid Clinic) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री पंकज कुमार-I, सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, पारिवारिक विवादों के समाधान, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि आर्थिक अथवा अन्य कारणों से न्याय से वंचित किसी भी पात्र व्यक्ति को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों की विधिक समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही सभी उपस्थित जनों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा से संपर्क करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में कैप्टन सुनील कुमार, सैनिक कल्याण विभाग के कर्मचारीगण, पूर्व सैनिक, उनके आश्रित एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
----------------