राम के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाला नहीं बचेगा, दोषी मिला तो मिलेगी सख्त सजा: डॉ. सुधांशु त्रिवेदी
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को आगरा में आयोजित प्रेस वार्ता और कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा की विचारधारा, केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रवाद, स्वदेशी, स्वावलंबन और अखंड भारत का विचार आज भी देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय जनता पार्टी इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है।
प्रेस वार्ता में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी और अनियमितता के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह विषय हर रामभक्त की आस्था से जुड़ा है और उन्हें भी व्यक्तिगत रूप से इस घटना ने आहत किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, लेकिन यदि कोई व्यक्ति भगवान श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार या अनियमितता का दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा, "राम का नाम लेने से पाप कटते हैं, लेकिन यदि किसी ने राम के धाम और राम के नाम पर पाप किया है तो उसे न राजदंड से बचाया जाएगा और न ही धर्मदंड से।"
डॉ. त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व और राम मंदिर पर सवाल उठाते रहे, वही आज रामभक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर भारतीय जनता पार्टी के लिए कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक पहचान और पांच सौ वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है। देश की जनता जानती है कि किसने राम मंदिर आंदोलन का समर्थन किया और किसने इसका विरोध।
देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष सहित कई वैश्विक संस्थाएं भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बता रही हैं। उन्होंने कहा कि Google और Foxconn जैसी वैश्विक कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं तथा उत्तर प्रदेश भी निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी अपराध और अवैध हथियारों के लिए चर्चा में रहता था, आज वही प्रदेश रक्षा उत्पादन, औद्योगिक निवेश और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।