आगरा में सड़क पर बनी अवैध सब्जी मंडी पर चला नगर निगम का बुलडोजर, विरोध के बीच हटाया अतिक्रमण
आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम ने फतेहाबाद रोड स्थित बसई के पर्यटन थाना रोड पर सड़क किनारे लगी अवैध सब्जी मंडी को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की। टास्क फोर्स और पुलिस बल की मौजूदगी में करीब एक किलोमीटर तक फैले अतिक्रमण को हटाकर सड़क को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कई सब्जी विक्रेताओं ने विरोध किया, लेकिन अभियान जारी रहा और कई विक्रेताओं का सामान भी जब्त कर लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई स्थित पर्यटन थाना रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे अवैध रूप से सब्जी मंडी संचालित हो रही थी। विक्रेताओं ने लगभग एक किलोमीटर तक सड़क पर कब्जा कर रखा था, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि कई स्थानों पर दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया था।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर सब्जी विक्रेताओं को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद सड़क खाली नहीं की गई। इसके बाद मंगलवार दोपहर नगर निगम की टास्क फोर्स बुलडोजर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान कुछ सब्जी विक्रेताओं ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। नगर निगम का कहना है कि सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारु बनाए रखने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने के लिए आगे भी नियमित अभियान चलाया जाएगा।