एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बोले— ‘लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का जनविश्वास चाहिए’ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 1 जुलाई 2026

एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बोले— ‘लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का जनविश्वास चाहिए’

एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बोले— ‘लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का जनविश्वास चाहिए’

आगरा। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को आगरा के एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल ग्राउंड में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और हजारों लोगों की मौजूदगी रही।

प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, "महारानी बनने के लिए सिंहासन चाहिए, लेकिन लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का जनविश्वास चाहिए।" उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुपम उदाहरण है। कठिन परिस्थितियों और पारिवारिक संकटों के बावजूद उन्होंने जिस कुशलता से शासन किया, वह आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि लगभग तीन शताब्दी पहले स्थापित उनकी प्रशासनिक और न्याय व्यवस्था आज भी सुशासन का आदर्श मानी जाती है। गरीबों के प्रति संवेदनशीलता, न्यायपूर्ण शासन और जनकल्याण की उनकी सोच वर्तमान शासन व्यवस्था के लिए भी मार्गदर्शक है। ओम बिरला ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में मंदिरों, तीर्थस्थलों और धार्मिक धरोहरों के पुनर्निर्माण एवं संरक्षण का कार्य कर भारतीय संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर केवल किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे देश और सर्वसमाज की प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने जीवन को जनकल्याण, सुशासन और सनातन संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में हजारों मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं और सड़कों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया तथा कश्मीर से कन्याकुमारी और कामरूप से कच्छ तक सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की जयंती मनाने से समाज में जागरूकता और चेतना का विकास होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनके सम्मान में स्मारक सिक्का जारी किया था। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने नारी सशक्तिकरण की मिसाल कायम करते हुए अपना पूरा जीवन प्रजा और धर्म की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शंकर राव शिंदे ने कहा कि जैसे भगवान राम केवल अयोध्या के नहीं बल्कि पूरे देश के हैं, भगवान कृष्ण केवल मथुरा के नहीं और छत्रपति शिवाजी महाराज केवल महाराष्ट्र के नहीं बल्कि पूरे भारत के गौरव हैं, उसी प्रकार लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भी केवल मालवा की नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की लोकमाता हैं।

इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भारणे, राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते, विधान परिषद सदस्य गोपीचंद्र पडुलकर, उत्तर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, चौ. बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, दिगंबर सिंह धाकरे, नवीन गौतम, गौरव शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

video

Pages