चलती कार बनी आग का गोला, चालक और साथी ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 2 जुलाई 2026

चलती कार बनी आग का गोला, चालक और साथी ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

चलती कार बनी आग का गोला, चालक और साथी ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

आगरा। शहर के इनर रिंग रोड पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शमशाबाद रोड की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और उसके साथ मौजूद युवक ने तुरंत कार रोककर बाहर छलांग लगा दी। उनकी सतर्कता और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। सड़क पर धधकती कार को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने सुरक्षित दूरी बनाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार दोनों युवक थाना एकता क्षेत्र के कहरई गांव के निवासी हैं। घटना उस समय हुई जब वे इनर रिंग रोड की सर्विस रोड से शमशाबाद रोड की ओर जा रहे थे। समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण दोनों पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह कार में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस घटना के चलते कुछ समय के लिए इनर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सुचारु कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

video

Pages