आगरा में आज मुख्यमंत्री योगी करेंगे मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, विश्वविद्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को पूरे दिन अधिकारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी क्षेत्र एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अंतिम रूप दिया।
कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कुलसचिव अजय मिश्रा और उप कुलसचिव कैलाश बिंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य कार्यक्रम शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा, जबकि परिसर में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभाग अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश के कई अन्य विश्वविद्यालय भी अपने स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों के शोध, नवाचार और शैक्षणिक कार्यों को प्रदर्शित करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। योजना के शुभारंभ के साथ ही शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। शनिवार शाम से ही पुलिस और प्रशासन ने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था अपने नियंत्रण में ले ली। कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल पर सुबह लगभग 10:30 बजे पहुंचने का प्रस्तावित समय है। आयोजन समिति के अनुसार सभी आमंत्रित अतिथियों और प्रवेश-पत्रधारकों को सुबह 9:00 बजे तक ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद सुरक्षा कारणों से प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमंत्रित अतिथियों का प्रवेश केवल मुख्य द्वार संख्या-07 से होगा। पार्किंग की व्यवस्था भी गेट संख्या-07 पर की गई है, जबकि मुख्यमंत्री का प्रवेश गेट संख्या-02 से प्रस्तावित है।
बिना वैध पहचान पत्र, अनुमति पत्र अथवा गेट पास के किसी भी व्यक्ति को विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। किसी शिक्षक, अधिकारी या कर्मचारी से मिलने आने वाले बाहरी व्यक्ति को आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा। उसका विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा तथा संबंधित व्यक्ति से दूरभाष पर पुष्टि के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
सुरक्षा कर्मी सभी परिसरों में लगातार गश्त करेंगे। यदि कोई बाहरी व्यक्ति छात्र के रूप में संदिग्ध स्थिति में पाया जाता है तो इसकी तत्काल सूचना प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आमंत्रित अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तथा सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।