आगरा: किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां कुछ लोगों ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल और एसीपी पिनाहट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता की तहरीर पर थाना इरादतनगर में तीन लोगों के खिलाफ FIR 0089/2026 दर्ज की गई। इस पर बीएनएस की धारा 70(1)/351(3) और आईटी एक्ट की धारा 67ए लगाई गई हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वाले आरोपियों के नाम छोटा उर्फ श्री भगवान पुत्र विजय सिंह और विशाल पुत्र राधेश्याम हैं। दोनों को इरादतनगर क्षेत्र में इनायतपुर रेलवे लाइन के पास से करीब शाम 7 बजे पकड़ा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल कराकर उन्हें कोर्ट में पेश किया है और न्यायिक हिरासत की मांग की है। वहीं इस मामले का तीसरा आरोपी अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।