सब्जी मंडी में मारपीट और फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे और कारतूस बरामद
आगरा। थाना बाह पुलिस ने सब्जी मंडी जरार में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना बाह में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि वह अपने भाई के साथ जरार स्थित सब्जी मंडी में दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान शाम करीब 8:30 बजे आशीष, छोटा, आकाश, अंकित और अन्य लोग लाठी-डंडों व तमंचों से लैस होकर पहुंचे और उसके भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि छोटा और आकाश ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे मारपीट में वादी और उसके भाई घायल हो गए।
घटना के संबंध में थाना बाह पर मुकदमा संख्या 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त आगरा, अपर पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त बाह के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना बाह पुलिस ने किला से मंगदपुर जाने वाले मार्ग के पास से चार आरोपियों—आशीष पुत्र रामऔतार सिंह, आकाश उर्फ काली पुत्र प्रमोद कुमार, अंकित पुत्र चन्द्रशेखर तथा छोटा पुत्र फरेन्द्र सिंह—को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी आकाश उर्फ काली के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। वहीं आरोपी छोटा के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक जिंदा मिस कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने अवैध हथियारों की बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।