थाना खंदौली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, एडीसीपी पूनम सिरोही ने दिए जनसुनवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर अहम निर्देश
आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में मंगलवार को अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल श्रीमती पूनम सिरोही ने थाना खंदौली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेख, हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र, महिला विश्राम कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, मालखाना, पुलिस मेस, साइबर हेल्प डेस्क सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं की गहन जांच की गई। अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।
एडीसीपी पूनम सिरोही ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का निष्पक्ष, संवेदनशील और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एंटी रोमियो टीमों के साथ संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की और महिला सुरक्षा को लेकर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा यक्ष पोर्टल के संचालन एवं उपयोग की जानकारी प्राप्त करते हुए उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया। निरीक्षण के अंत में कानून-व्यवस्था, जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।