मिर्ची पाउडर डालकर लूट करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने लूट की वारदात में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, थाना फतेहाबाद में दर्ज तहरीर में पीड़ित ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे भरपुरा से अपने घर लौट रहा था। मल्लापुरा पुलिया के पास 3-4 अज्ञात बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और उसका मोबाइल फोन, ₹1,200 नकद तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा संख्या 195/26 धारा 309(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फिरोजाबाद तिराहे के पास से वांछित आरोपी सुनील पुत्र लोटन सिंह उर्फ लाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में संयुक्त कार्रवाई के दौरान पहले ही दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।